बढ़ती कीमतों से संकट में आगरा का जूता उद्योग

बढ़ती कीमतों से आगरा का जूता उद्योग बंदी के कगार पर – इम्पोर्ट ड्यूटी कम करने की मांग

चैम्बर सभागार में चैम्बर अध्यक्ष श्री मनोज कुमार बंसल की अध्यक्षता में लैदर एंड शू कम्पोनेन्ट इंडस्ट्रीज डेवलपमेंट प्रकोष्ठ के चेयरमैन श्री चन्द्रवीर सिंह फौजदार के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में जूता उद्योग के सामने उत्पन्न हो रही समस्याओं तथा जूता उत्पादन में प्रयुक्त उत्पादों एवं कच्चे माल की लगातार बढ़ती कीमतों पर गंभीर चिंता व्यक्त की गई। बैठक में कहा गया कि जूता उद्योग में लगातार बढ़ती लागत के कारण आगरा का जूता उद्योग कठिन परिस्थितियों से गुजर रहा है और बंदी के कगार पर पहुंचता जा रहा है। बढ़ती उत्पादन लागत का सीधा प्रभाव आगरा के जूता उद्यमियों की प्रतिस्पर्धात्मक क्षमता पर पड़ रहा है।

चेयरमैन चन्दवीर सिंह फौजदार ने बताया कि आगरा में जूता उद्योग से लगभग 500000 श्रमिक प्रत्यक्ष रूप से जुड़े हुए हैं। यदि उद्योगों के सामने इसी प्रकार की आर्थिक चुनौतियां बनी रहीं और इकाइयों को बंद करना पड़ा, तो बड़ी संख्या में श्रमिकों के सामने रोजगार का संकट उत्पन्न हो सकता है। बैठक में यह भी चर्चा की गई कि जूता उद्योग में उपयोग होने वाले आवश्यक उत्पादों एवं कम्पोनेन्ट्स पर लगने वाली इम्पोर्ट ड्यूटी को कम किया जाना उद्योग के लिए महत्वपूर्ण राहत का कदम हो सकता है। इम्पोर्ट ड्यूटी में कमी होने से उत्पादन लागत कम होगी, जिससे जूता उद्यमियों को राहत मिलने के साथ-साथ बाजार में जूता उत्पादों की कीमतों को नियंत्रित रखने में भी सहायता मिल सकेगी। चैम्बर द्वारा इस गंभीर विषय को केंद्र सरकार के समक्ष उठाते हुए माननीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री श्री पीयूष गोयल जी को पत्र भेजकर जूता उद्योग में प्रयुक्त आवश्यक उत्पादों एवं कम्पोनेन्ट्स पर लगने वाली इम्पोर्ट ड्यूटी को कम करने का अनुरोध किया गया है। चैम्बर ने सरकार से आग्रह किया है कि आगरा के जूता उद्योग एवं उससे जुड़े हजारों श्रमिकों के हितों को ध्यान में रखते हुए इम्पोर्ट ड्यूटी में आवश्यक कमी करने तथा उद्योग को राहत प्रदान करने के लिए शीघ्र सकारात्मक निर्णय लिया जाए।

बैठक में चैम्बर अध्यक्ष मनोज कुमार बंसल, शू कम्पोनेन्ट इंडस्ट्रीज डेवलपमेंट प्रकोष्ठ के चेयरमैन श्री चन्द्रवीर सिंह फौजदार, उपाध्यक्ष अम्बा प्रसाद गर्ग, पूर्व अध्यक्ष सीताराम अग्रवाल, मनीष अग्रवाल, शलभ शर्मा, सदस्य हदय सिंह बघेल, मनीष गुप्ता, सचिन सारस्वत उपस्थित थे।

Share This Post

All News

Group :

Company Name :

Industry :