Rubber Check Dam

  • बजट में शामिल करने पर चेंबर ने मुख्यमंत्री का जताया आभार
  • आगरा का बरसो पुराना सपना होगा साकार
  • निरंतर जलभराव के अगणित लाभ मिलेंगे आगरावासियों को 
  • पर्यटन उद्योग को मिलेगा बढ़ावा –  आगरा के विकास का एक कदम 
  • सभी प्रकार से अनुकूलता – शीघ्र कार्यवाही हो प्रारम्भ 
प्रदेश सरकार द्वारा चेक डैम को बजट में शामिल करते हुए  ₹20 करोड़ की धनराशि का प्रावधान करने पर चेंबर अध्यक्ष शलभ शर्मा  द्वारा चैम्बर की ओर से माननीय मुख्यमंत्री महोदय के प्रति आभार प्रकट किया गया है।  यमुना नदी में बैराज की मांग कई दशक की जाती रही है।  कई बार बैराज का उद्घाटन होने के बाद भी आज तक निर्माण नहीं हो सका। माननीय मुख्यमंत्री महोदय श्री आदित्यनाथ योगी जी ने यमुना नदी में नगला पेमा पर रबर चेक डैम का उद्घाटन किया था।  किंतु कुछ कानूनी अड़चनों के कारण उसमें बाधा आ रही थी। यह बड़ी ही ख़ुशी की बात है कि अब नेशनल एनवायरनमेंट इंजीनियरिंग रिसर्च इंस्टीट्यूट (नीरी)  की अनुमति मिल चुकी है।  इसके लिए ₹20 करोड़ का प्रावधान किया है।   पर्यावरणीय कानूनी अड़चनों को दूर कराने में पर्यावरण मंत्रालय से मिलकर हमारे मंडलायुक्त महोदय ने भी बहुत सहयोग प्रदान किया है  अतः इस सराहनीय कार्य के लिए चेंबर मंडल आयुक्त महोदय के प्रति भी आभार प्रकट करता है। सभी प्रकार से अनुकूल होने पर शासन प्रशासन से मांग की जाती कि अब इस महत्वपूर्ण कार्य को मूर्त रूप प्रदान के लिए शीघ्र अग्रिम कार्यवाही प्रारम्भ की जाये।
पूर्व अध्यक्ष, सीताराम अग्रवाल ने कहा कि बरसों से शहर के गंदे नालों से पानी बहकर यमुना नदी में कीचड़ जमा हो गई है जिसके कारण यमुना नदी शहरी क्षेत्र में काफी उथली  हो गई है।  इस कारण यमुना नदी में बरसात का जल वह कर आगे निकल जाता है और वर्ष के अधिकांश महीनों में यमुना नदी सूखी पड़ी रहती है।  इस समस्या से निजात पाने के लिए चैम्बर द्वारा राज्य सरकार एवं केंद्र सरकार का ध्यान लगातार आकर्षित किया जाता रहा है।  अब बहुत ही प्रसन्नता की बात है कि केंद्र सरकार द्वारा नमामि गंगे योजना के तहत  यमुना नदी की सफाई एवं प्रदेश सरकार द्वारा रबड़ चेक डैम बनाने से यमुना नदी का कायाकल्प हो जाएगा।  यमुना नदी का अस्तित्व पुनर्जीवित होने लगेगा। शहरी क्षेत्र में यमुना नदी अपने मूल रूप में दिखने  से शहर की सौंदर्यता में चार चाँद लग सकेंगे।  पर्यटकों के लिए आकर्षण में वृद्धि होगी।
चेंबर अध्यक्ष शलभ  शर्मा ने बताया कि यमुना नदी में लगातार जलभराव होने से आगरा व आसपास के क्षेत्र में भूगर्भ जल स्तर में वृद्धि होगी, यमुना नदी के दोनों ओर हरियाली बढ़ेगी,  बालू के कण हवा में उड़कर ताजमहल के पत्थरों का क्षरण नहीं करेंगे,  ताजमहल की नींव में लगे साल की तख्तों को लगातार नमी मिलने से मजबूती बढ़ेगी, नौका विहार एवं जल क्रीड़ाओं को बढ़ावा मिलने से पर्यटन उद्योग को बढ़ावा मिलेगा, पर्यावरण में सुधार होगा तथा प्रदुषण में कमी आएगी ।
मुख्यमंत्री के प्रति आभार प्रकट करने वालों में अध्यक्ष शलभ शर्मा, उपाध्यक्ष मयंक मित्तल, कोषाध्यक्ष मनोज कुमार गुप्ता, पूर्व अध्यक्ष सीताराम अग्रवाल, अमर मित्तल, अनिल वर्मा, श्रीकिशन गोयल कार्यकारिणी सदस्य दिनेश कुमार जैन, मीडिया प्रकोष्ठ के चेयरमैन संदीप अरोड़ा, किशोर नारायन खन्ना, राकेश चौहान, मनोज बंसल आदि मुख्य रूप से हैं ।