MEETING WITH RAILWAY OFFICERS

  • आलू के परिवहन के सम्बन्ध में रेलवे शीघ्र करेगा चैम्बर के साथ बैठक।
  • रेलवे भी उतरा प्रतिस्पर्धा पर।
  • यमुना ब्रिज मालगोदाम के 50 दिन अस्थाई बंद करने पर चैम्बर ने किया विरोध।
  • कीठम रेलवे स्टेशन पर खुली साइडिंग होने के कारण सीमेंट आदि वस्तुएं होंगी खराब।
  • माल आयातकर्ताओं के गोदाम बने हैं यमुना बृज एवं कुबेरपुर की ओर।
  • अधिकांश  माल भेजा जाता है पूर्व की ओर – कीठम से आने-जाने की दूरी बढ़ जाएगी, होगी समय की बर्बादी

दिनांक 16 मई, 2024 को सायं 4 बजे चैम्बर अध्यक्ष अतुल कुमार गुप्ता की अध्यक्षता में एक प्रतिनिधि मंडल रेलवे मंडल प्रबंधक आगरा से मिला। चैम्बर की ओर से प्रतिनिधि मंडल में उपाध्यक्ष मनोज कुमार गुप्ता, रेलवे प्रकोष्ठ के चेयरमैन एस. एन. अग्रवाल सम्मिलित थे।

दिनांक 10 मई, 2024 को एक वर्चुअल बैठक के माध्यम से रेलवे अधिकारियों द्वारा यह अवगत कराया गया था कि कुबेरपुर पर दूसरी लाइन बिछाने का काम पूरा हो चुका है। जिसका रनिंग लाइन से जोड़ने का कार्य किया जाना है। इस हेतु यमुना बृज माल गोदाम को 50 दिन के लिए अस्थाई रूप से बन्द करते हुए यमुना बृज माल गोदाम की रेकों का लोडिंग अनलोडिंग का कार्य कीठम रेलवे स्टेशन पर किया जायेगा। रेलवे द्वारा व्यवस्था में किये जा रहे  इस अस्थाई बदलाव का चैम्बर द्वारा पूरजोर विरोध किया गया और सुझाव दिया गया कि कुबेरपुर पर रेलवे लाइन नं. 2 को रनिंग लाइन से जोड़ने के लिए कुबेरपुर पर साइडिंग का काम बन्द करके यमुना ब्रज माल गोदाम पर चालू रखा जाये और जैसे ही कुबेरपुर पर कार्य पूरा हो जाता है तब इन दोनों स्टेशनों पर रेकों की लोडिंग अनलोडिंग का कार्य प्रारम्भ किया जाये। कीठम रेलवे स्टेशन  पर कार्य अत्यधिक सुविधाजनक नहीं है क्योंकि वहां खुली साइडिंग है जिससे माल खराब हो सकता है। क्योंकि मानसून भी कुछ ही समय में दस्तक देने वाला है। दूसरा आगरा में माल आयातकर्ता का माल अधिकांशतः  आगरा से पूर्व की ओर भेजा जाता है। कीठम स्टेशन  पर रेक उतरने से आने-जाने में 50-60 किमी की दूरी बढ़ जायेगी। मार्ग भी व्यस्त रहता है। जिससे समय भी बर्बाद होगा। लोडिंग अनलोडिंग श्रमिक भी अधिकाषंतः कुबेरपुर साइड के निवासी हैं कीठम पर श्रमिक भी उपलब्ध नहीं होंगे।  रेलवे अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि चैम्बर द्वारा लिखित में भेजने पर इस कार्य को किया जायेगा।

यह बात भी उठाई गई कि स्थानीय माल आयातकर्ताओं के डेमरेज, वारफेज के मामले काफी दिनों से लंबित हैं। रेलवे अधिकारियों ने ऐसे मामलों का शीघ्र निपटाने का आश्वासन दिया। रेलवे अधिकारियों ने यह भी कहा कि वे शीघ्र ही चैम्बर के साथ एक बैठक करेंगे। जिसमें रेलवे रेक द्वारा आलू के समय से परिवहन किये जाने के सम्बन्ध में विस्तृत जानकारी प्रदान करेंगे।

बैठक में रेलवे की ओर से मंडल रेल प्रबंधक तेज प्रकाश अग्रवाल, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबन्धक अमित आनन्द, मंडल वाणिज्य प्रबंधक प्रशस्ति श्रीवास्तव आदि मुख्य रूप से उपस्थित थे।